रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) का प्रतीक चिन्ह प्रदान किया

रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) का प्रतीक चिन्ह प्रदान किया

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 को साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद का औपचारिक प्रतीक चिन्ह प्रदान किया।

श्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा को दृढ़ता, देशभक्ति और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने की भारतीय भावना का आदर्श उदाहरण बताया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के सर्वोच्च आदर्शों के प्रतीक हैं और वे खेल तथा सशस्त्र बलों, दोनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस समारोह में थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हरियाणा के पानीपत जिले से आने वाले नीरज चोपड़ा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए 16 अप्रैल, 2025 को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया गया था। वह 2016 में सेना में भर्ती हुए थे और राजपूताना राइफल्स में सेवा दे चुके हैं।

उनकी उल्लेखनीय खेल उपलब्धियों में टोक्यो ओलंपिक (2020) में ट्रैक एंड फील्ड में भारत का पहला ओलंपिक स्वर्ण, पेरिस ओलंपिक (2024) में रजत पदक, 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण, तथा एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और डायमंड लीग में स्वर्ण पदक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *