नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने दिल्ली में हुई कार विस्फोट की घटना के मद्देनज़र आज राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन सुरक्षा समीक्षा बैठकों की श्रृंखला आयोजित की।
श्री शाह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस जघन्य कृत्य के लिए ज़िम्मेदार प्रत्येक दोषी को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पकड़ा जाए। बैठक के बाद X पर एक पोस्ट में, गृह मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि इस घटना में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा और उसे “हमारी एजेंसियों के कहर का सामना” करना पड़ेगा।
सुरक्षा स्थिति और जांच की प्रगति का आकलन करने के लिए दो अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक में केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक और दिल्ली पुलिस कमिश्नर उपस्थित थे। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
दूसरी बैठक में, जिसमें फोरेंसिक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया, केन्द्रीय गृह सचिव, IB निदेशक, राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (NSG) के महानिदेशक, NIA महानिदेशक, फोरेंसिक साइंस सर्विस (DFSS) के निदेशक, तथा फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के प्रधान निदेशक व निदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।