मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘जनजातीय प्रज्ञा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नई शिक्षा नीति लागू करके हमारे युवाओं को अपनी भारतीय संस्कृति और जड़ों से जुड़ने का महान संदेश दिया है।
उन्होंने जनजातीय समाज की विशेषता बताते हुए कहा, “हमारा जनजातीय समाज तो युगों-युगों से भगवान श्रीकृष्ण की मुरली और मयूर पंख को अपनाता रहा है और इसी के उपयोग के साथ वह संपूर्ण समाज से समरसता के भाव से जुड़ा रहता है।” उन्होंने आगे कहा कि हमें खुशी है कि भारतीय सिनेमा भी अब राष्ट्र भक्ति के विचार को मज़बूती देना शुरू कर चुका है।
डॉ. यादव ने ज़ोर देकर कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में एक खुशहाल और सकारात्मक बदलाव वाला वातावरण देख रहे हैं। “हमारा राष्ट्र बदल रहा है। कोरोना के उस कठिन समय में जब जीवन बचाना सबसे बड़ी चुनौती थी, तब नागरिकों के लिए वैक्सीन की व्यवस्था की गई। आज भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बन चुका है।”
चैनल के मैनेजिंग एडीटर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जनजातीय वर्ग के सम्मान, स्वास्थ्य सुधार, पर्यावरण तथा वन्य प्राणी संरक्षण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों पर प्रकाश डाला। अंत में, उन्होंने पद्म श्री अर्जुन धुर्वे समेत सात जनजातीय हस्तियों और उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा।