मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा से भेंट की। इस दौरान, उन्होंने मध्यप्रदेश में पीपीपी (PPP) मॉडल पर शुरू होने वाले चार नए मेडिकल कॉलेज के भूमि-पूजन के लिए केंद्रीय मंत्री को आमंत्रित किया। यह कार्यक्रम इसी महीने प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि राज्य में स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। ये चार नए मेडिकल कॉलेज पन्ना, बैतूल, कटनी और धार में स्थापित किए जाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अपनी सहमति दे दी है। इन चार मेडिकल कॉलेजों के भूमि-पूजन की तिथि शीघ्र ही निर्धारित की जाएगी।