देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) के ऑपरेशन में लगातार पांचवें दिन, यानी शनिवार को भी, कोई सुधार नहीं दिखा। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्रियों ने रातभर परेशानी झेली। पिछले चार दिनों में इंडिगो की 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिससे करीब 3 लाख यात्री सीधे प्रभावित हुए हैं।
आज (शनिवार) और कल (रविवार) को इंडिगो की 25-30% तक अधिक फ्लाइट्स रद्द या लेट हो सकती हैं। पिछले चार दिनों में औसतन रोज़ाना 500 फ्लाइट्स लेट हुईं, जो शनिवार और रविवार को बढ़कर 600 तक पहुंच सकती है, क्योंकि इन दो दिनों में उड़ानें बाकी दिनों से एक-तिहाई ज्यादा होती हैं।
इंडिगो का दावा है कि फ्लाइट ऑपरेशन को सामान्य होने में 15 दिसंबर तक का समय लगेगा। हालांकि, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने साफ़ कहा है कि जब 1 नवंबर से नए FDTL नॉर्म्स (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट) लागू होने के बावजूद किसी अन्य एयरलाइन को दिक्कत नहीं आई, तो यह इंडिगो की गलती है। मंत्री ने एयरलाइन की लापरवाही की जांच और एक्शन तय होने की बात कही है।