शेयर बाजार में गिरावट जारी: सेंसेक्स 85,400 पर, निफ्टी 26,050 पर; इंडिगो संकट से शेयर 7% टूटा
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 8 दिसंबर को शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 300 अंक गिरकर 85,400 के स्तर पर आ गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी में भी 130 अंक की गिरावट है और यह 26,050 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के कुल 30 शेयरों में से केवल 4 शेयरों में तेजी है, जबकि 26 शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। BEL, जोमैटो और बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे ज्यादा, लगभग 2% की गिरावट आई है। NSE पर PSU बैंक, रियल्टी और ऑटो सेक्टर में 2.5% तक की कमी आई है।
इस बीच, इंडिगो एयरलाइन में जारी संकट का असर उसके शेयरों पर साफ दिखाई दे रहा है। कंपनी के शेयर में 7% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 5,027 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। पिछले 5 दिनों में इंडिगो का शेयर 13% से अधिक टूट चुका है।
इंडिगो की उड़ान सेवाओं में सोमवार को भी सुधार नहीं हुआ है। दिल्ली, श्रीनगर, हैदराबाद, बेंगलुरु और अहमदाबाद एयरपोर्ट से अब तक 200 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। रविवार को भी एयरलाइन ने 650 से ज्यादा उड़ानें रद्द की थीं। इस संकट के कारण कुल 7 दिनों में इंडिगो की 4,000 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। हालांकि, कंपनी ने अपनी 2,300 दैनिक उड़ानों में से 1,650 के संचालन का दावा किया है।