शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट: सेंसेक्स 650 अंक टूटा, निफ्टी 200 अंक गिरा
शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई है। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन, मंगलवार 9 दिसंबर को, सेंसेक्स 650 अंक गिरकर 84,450 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह, निफ्टी में भी 200 अंक की गिरावट आई है और यह 25,750 के स्तर पर आ गया है।
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में गिरावट है, जबकि केवल 2 शेयरों में तेजी है। एशियन पेंट्स का शेयर सबसे ज्यादा 3.5% टूटा है। ऑटो, आईटी और मीडिया सेक्टर में 2% तक की कमी देखने को मिली है। पिछले दो कारोबारी दिनों में बाजार 1,250 अंक से ज्यादा गिर चुका है। सोमवार, 8 दिसंबर को सेंसेक्स 610 अंक गिरकर 85,103 पर बंद हुआ था।
वैश्विक बाजारों का हाल: एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.31% ऊपर है, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.64%, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.84% और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.13% नीचे कारोबार कर रहे हैं। 8 दिसंबर को अमेरिकी बाजार- डाउ जोन्स 0.45%, नैस्डेक कंपोजिट 0.14% और S&P 500 0.35% गिरकर बंद हुए थे।
विदेशी निवेशक लगातार बेच रहे शेयर: विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 8 दिसंबर को कैश सेगमेंट में ₹779.94 करोड़ के शेयर बेचे। दिसंबर के शुरुआती 6 कारोबारी दिनों में FIIs ने कुल ₹10,982 करोड़ के शेयर बेचे हैं। हालांकि, घरेलू निवेशक (DIIs) इस दौरान ₹21,908 करोड़ की खरीदारी करके बाजार को सहारा दे रहे हैं।