मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का वर्चुअल शुभारंभ; बोले- केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का वर्चुअल शुभारंभ; बोले- केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही सरकार

भोपाल/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नई दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ने के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली और एनसीआर के निवासियों को देश के दिल मध्यप्रदेश में आमंत्रित करते हुए कहा कि हम दिल खोलकर आपके स्वागत के लिए तैयार हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्सव देखने के बाद पर्यटक प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता, महाकाल लोक, टाइगर रिजर्व सफारी, ओरछा-मांडू की आध्यात्मिकता और पचमढ़ी के नैसर्गिक सौंदर्य का वास्तविक आनंद लेने के लिए अवश्य मध्यप्रदेश आएंगे। उन्होंने देश के स्वच्छतम शहर इंदौर के स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाने का भी विशेष आमंत्रण दिया।

उत्सव का उद्देश्य और आकर्षण: आवासीय आयुक्त श्रीमती रश्मि अरुण शमी ने बताया कि उत्सव का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को मध्यप्रदेश की संस्कृति, खान-पान और पर्यटन से अवगत कराना है। यह उत्सव निःशुल्क है।

  • प्रदर्शनी: हस्तशिल्प, ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP), माटी कला, पर्यटन और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: उत्सव में पहली बार मध्यप्रदेश पुलिस बैंड प्रस्तुति दे रहा है। सांस्कृतिक संध्याओं में कबीर गायन, बुंदेलखंड गायन, बुंदेली लोकनृत्य (कमला राजपूत), गुदुम्बबाजा नृत्य (लालूलाल धुर्वे) और शास्त्रीय गायन (कलापिनी कोमकली) जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी।
  • युवा आकर्षण: दूसरे दिन ड्राइंग और क्विज़ प्रतियोगिता के साथ MPTDC द्वारा लोकप्रिय फिल्म ‘स्त्री’ का प्रदर्शन होगा।
  • फैशन शो: मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल वैभव को शोकेस करते हुए खादी/सिल्क फैशन शो आयोजित किया जाएगा।
  • समापन: तीसरे दिन बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ का प्रदर्शन होगा। समापन दास्तानगोई (भारती दीक्षित), मटकी लोकनृत्य (हीरामणि वर्मा) और नृत्य नाटिका (क्षमा मालवीय) की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा।

इस भव्य उत्सव में हस्तशिल्प, कलाकृतियां और विभिन्न अंचलों के स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल मुख्य आकर्षण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *