इंदौर को मिली 773 करोड़ की सौगात: 1450 बिस्तरीय नए एमवाय अस्पताल भवन का भूमि पूजन

इंदौर को मिली 773 करोड़ की सौगात: 1450 बिस्तरीय नए एमवाय अस्पताल भवन का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय अस्पताल) परिसर में कुल 773.07 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 1450 बिस्तरीय अस्पताल के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश और प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है, और मध्य प्रदेश में नए मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज खोले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर का एमवाय अस्पताल प्रदेश की विशिष्ट पहचान है। इस 1450 बिस्तरीय अस्पताल के बनने से न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिलों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग को मिलाकर और सशक्त किया गया है, तथा एमवाय अस्पताल में बोनमेरो ट्रांसप्लांट और किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस नए अस्पताल भवन में मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, शिशु रोग, न्यूरो सर्जरी, नाक-कान-गला, दंत रोग, त्वचा रोग, मातृ एवं शिशु वार्ड और इमरजेंसी मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों में कुल 1450 बिस्तर होंगे। भवन निर्माण पर 528 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त, 550 बिस्तरीय नर्सिंग हॉस्टल, मिनी ऑडिटोरियम, सार्वजनिक पार्किंग, विद्युतीकरण, सोलर पैनल और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट आदि पर भी राशि व्यय की जाएगी।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *