भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल में आयोजित एक निजी मीडिया संस्थान के ‘जज्बा पुलिस अवार्ड-2025’ समारोह में 30 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस बल की कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा का जो उदाहरण पेश किया, वह अद्वितीय है।
मुख्यमंत्री ने विवेचना, बहादुरी, साइबर क्राइम नियंत्रण और यातायात प्रबंधन जैसी श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर पुलिस के 18 और देहात पुलिस के 12 कर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार बेहतर कार्य करने वालों को हमेशा प्रोत्साहित करेगी, लेकिन पुलिस की साख बनाए रखने के लिए अनुशासनहीनता पर कठोरता भी बरती जाएगी। कार्यक्रम में समाजसेवी दिलीप सूर्यवंशी, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा सहित जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।