श्रीहरिकोटा: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने बुधवार सुबह सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एक और ऐतिहासिक सफलता हासिल की। इसरो के सबसे शक्तिशाली रॉकेट LVM3-M6 ने 6,100 किलोग्राम वजनी अमेरिकी सैटेलाइट ‘ब्लूबर्ड ब्लॉक-2’ को अंतरिक्ष की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया है। यह भारत द्वारा लॉन्च किया गया अब तक का सबसे वजनदार उपग्रह है।
यह मिशन अमेरिकी कंपनी AST स्पेसमोबाइल के साथ एक वाणिज्यिक समझौते का हिस्सा है। इस सैटेलाइट का उद्देश्य सामान्य स्मार्टफोन तक सीधे 4G और 5G ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुँचाना है। सुरक्षा कारणों से लॉन्च के समय में 90 सेकंड की देरी की गई, जिसके बाद सुबह 8:55:30 पर रॉकेट ने उड़ान भरी। लॉन्चिंग के करीब 15 मिनट बाद सैटेलाइट पृथ्वी से 520 किमी ऊपर लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में स्थापित हो गया।