ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर के मेला मैदान पहुँचकर “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट-2025” की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को प्रदेश सरकार ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ के रूप में मना रही है। इसी क्रम में 25 दिसम्बर को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में यह विशाल आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समिट की भव्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता एवं अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. यादव ने कहा कि इस समिट के माध्यम से प्रदेश के विकास को एक नई गति मिलेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।