ग्वालियर/भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान के तहत सायबर अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की है। ग्वालियर सायबर विंग ने म्यूल बैंक खातों (किराए के खाते) की खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की राशि को क्रिप्टो करेंसी में बदलकर नाइजीरिया और चीन भेजा जा रहा था। पुलिस ने मौके से 84 एटीएम और 9 मोबाइल जब्त किए हैं।
वहीं, नीमच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ का शिकार होने जा रहे एक बुजुर्ग दंपति के 60 लाख रुपये मात्र 7 मिनट में बचा लिए। इसके अतिरिक्त, देवास में 7.5 करोड़ और बैतूल में फर्जी फर्मों के नाम पर 10 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उज्जैन और छिंदवाड़ा में भी फर्जी सिम सप्लायरों और एटीएम ठगों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे लालच में आकर अपने बैंक खाते दूसरों को इस्तेमाल के लिए न दें।