भोपाल: कड़ाके की ठंड के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार रात भोपाल की सड़कों पर संवेदनशीलता का परिचय देते नजर आए। उन्होंने यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया और वहां ठहरे हुए राहगीरों व बेसहारा लोगों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने न केवल लोगों का हाल-चाल जाना, बल्कि खुद अपने हाथों से उन्हें गर्मागर्म चाय पिलाई और ठंड से बचाव के लिए कंबलों का वितरण किया। इससे पहले, उन्होंने लाल परेड ग्राउंड (शौर्य द्वार) के पास बुजुर्गों और महिलाओं से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी। इसके पश्चात वे तलैया स्थित काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वहां शरण लिए हुए सब्जी विक्रेताओं और राहगीरों को कंबल भेंट किए।
निरीक्षण के दौरान जब मुख्यमंत्री की नजर कमर दर्द से पीड़ित सुबोध जोसेफ पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल कलेक्टर और निगमायुक्त को उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “गरीब कल्याण मिशन” के तहत सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को शहर के सभी आश्रय गृहों में उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर मालती राय और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।