भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी के भारत भवन में वीर भारत न्यास द्वारा आयोजित ‘महाभारत समागम’ का विधिवत उद्घाटन किया। 9 दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के पहले दिन कलाकारों ने महाभारत की घटनाओं पर आधारित प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विरासत से विकास’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की उदारता और लचीलापन ही हमारी वह शक्ति है, जिसके कारण हमारी सभ्यता आज भी अडिग खड़ी है। डॉ. यादव ने रामायण और महाभारत को भारत को समझने का सबसे सशक्त माध्यम बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भगवत गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। कुल 90 लाख रुपये के पुरस्कारों में नगद राशि, लैपटॉप और ई-वाहनों का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि युवा पीढ़ी गीता के ज्ञान, कर्म और भक्ति मार्ग से जुड़ रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की पत्रिका और वेबसाइट का लोकार्पण भी किया।