भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के शासकीय गुलाब उद्यान में ‘राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि पुष्प महोत्सव की लोकप्रियता को देखते हुए अब इसे एक दिन के बजाय तीन दिन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुष्प उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहाँ के फूलों की मांग अब लंदन और पेरिस जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया और उद्यानिकी विभाग के ब्रोशर का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में फूलों की खेती का रकबा 37 हजार हेक्टेयर से बढ़कर अब 44 हजार हेक्टेयर हो चुका है, जिससे किसानों की नकद आय में भारी वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना और उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी उपस्थित थे।