इन्दौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन की ‘ग्रेन-एक्स इंडिया’ प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए घोषणा की कि मध्यप्रदेश अब देश का ‘फूड बॉस्केट’ बन चुका है। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जमीन, बिजली, पानी और मशीनरी के स्तर पर हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि राज्य ने दाल मिल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए तुअर से मंडी टैक्स हटा दिया है और जल्द ही उड़द व मसूर पर भी बड़ी राहत देने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक प्रोत्साहन के लिए सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार रोजगारपरक उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को 10 साल तक प्रति श्रमिक 5000 रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि दे रही है। उन्होंने भोपाल में जल्द ही दाल मिल उद्यमियों, निर्यातकों और वैज्ञानिकों की एक साझा कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश की कनेक्टिविटी का लाभ उठाने के लिए प्रदेश में एयर कार्गो के विकास पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।