नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देश की राजधानी में नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन 1 व 2’ का भव्य उद्घाटन किया। अब तक प्रधानमंत्री कार्यालय साउथ ब्लॉक में स्थित था, जिसका पता आज से आधिकारिक रूप से बदल गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ‘नागरिकदेवो भव’ की भावना पर जोर देते हुए कहा कि यह नया परिसर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि जनता की सेवा के प्रति अटूट संकल्प का केंद्र है।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की पुरानी इमारतें ब्रिटिश शासन और गुलामी की मानसिकता का प्रतीक थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजाद भारत को ऐसी सोच से बाहर निकलना अनिवार्य था। पीएम मोदी ने ‘इंडिया फर्स्ट’ (भारत प्रथम) के सिद्धांत को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि ‘सेवा तीर्थ’ आने वाली पीढ़ियों को निस्वार्थ सेवा और सर्व-कल्याण के मार्ग पर चलने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।