वाशिंगटन: मध्यावधि चुनाव की दहलीज पर खड़े अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात कैपिटल हिल के हाउस चैंबर में अपना बहुप्रतीक्षित ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन दिया। अपने शासनकाल के एक वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए ट्रंप ने घोषणा की कि वर्तमान समय अमेरिका का “स्वर्णकाल” है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश अब एक ऐसे स्थान पर पहुंच गया है जहाँ से पीछे मुड़कर देखना असंभव है।
सदन में राजनीतिक टकराव: राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान सदन में तीखा राजनीतिक विभाजन भी देखने को मिला। जब ट्रंप अपनी नीतियों का उल्लेख कर रहे थे, तब डेमोक्रेट सांसदों ने विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट किया। इसके जवाब में रिपब्लिकन सांसदों ने राष्ट्रपति के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। ट्रंप ने आगामी ऐतिहासिक मील के पत्थर का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका अपनी स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे करने जा रहा है और आज दुनिया का कोई भी देश अमेरिका की बराबरी करने में सक्षम नहीं है।