दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी एपल ने भारतीय बाजार में अपनी अब तक की सबसे किफायती लैपटॉप सीरीज ‘मैकबुक नियो’ (MacBook Neo) पेश कर दी है। यह उन ग्राहकों के लिए एक शानदार विकल्प है जो बजट में रहते हुए प्रीमियम मैकबुक का अनुभव लेना चाहते हैं।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस: मैकबुक नियो की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रोसेसर है। इसमें वही A18 प्रो चिपसेट इस्तेमाल किया गया है जो आईफोन 16 प्रो में आता है। यह चिप 6-कोर CPU, 5-कोर GPU और 16-कोर न्यूरल इंजन (NPU) के साथ आती है, जो AI टास्क को बहुत तेजी से निपटाने में सक्षम है। कंपनी का दावा है कि स्मार्टफोन चिप होने के बावजूद यह लैपटॉप फोटो एडिटिंग, ऑफिस वर्क और वीडियो स्ट्रीमिंग जैसे भारी काम आसानी से कर सकता है।
डिस्प्ले और डिजाइन: इसका लुक मैकबुक एयर जैसा है और इसे मजबूत एल्युमिनियम एनक्लोजर से तैयार किया गया है। इसमें 13-इंच की लिक्विड रेटिना (IPS LCD) डिस्प्ले दी गई है। ग्राहक इसे चार आकर्षक रंगों- ब्लश, इंडिगो, सिल्वर और सिट्रस में खरीद सकेंगे।
बैटरी और चार्जिंग: पावर के लिए इसमें 36.5Wh की बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 16 घंटे का वीडियो प्लेबैक टाइम देती है। रिटेल बॉक्स में इसके साथ 20W का USB-C पावर अडैप्टर मिलता है।
कीमत और सेल: भारत में इसकी शुरुआती कीमत 69,990 रुपए तय की गई है। इसमें 8GB रैम के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज के विकल्प मिलते हैं। इसकी बिक्री 11 मार्च से शुरू होगी, जबकि प्री-ऑर्डर एपल की वेबसाइट पर लाइव हो चुके हैं।