प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गुवाहाटी से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-KISAN) योजना की बहुप्रतीक्षित 22वीं किस्त जारी कर दी है। इस घोषणा के साथ ही देश भर के 9.32 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसान परिवारों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है।
योजना के नियमों के अनुसार, प्रत्येक पात्र किसान को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि इस बार की किस्त में 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी लाभ मिला है। फरवरी 2019 में गोरखपुर से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक किसानों को कुल 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी जा चुकी है।