मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जन्मदिवस आज पूरे प्रदेश सहित मुख्यमंत्री निवास पर अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक भाव के साथ की; उन्होंने सबसे पहले निवास स्थित मंदिर में प्रभु के दर्शन किए और उसके बाद गौशाला पहुंचकर गौमाता को दुलारते हुए उन्हें ‘गौ-ग्रास’ खिलाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास का वातावरण सांगीतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। उत्सव का माहौल केवल निवास तक सीमित नहीं था, बल्कि राजधानी के सार्वजनिक स्थलों पर भी इसकी झलक दिखी। सीहोर के किसानों ने मुख्यमंत्री को ‘हल’ और अंगवस्त्रम भेंट कर पारंपरिक सम्मान दिया, वहीं राजाभोज सेतु और लालघाटी क्षेत्र में संतों और नागरिकों ने वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच पुष्प वर्षा कर डॉ. यादव के दीर्घायु होने की कामना की।