भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर गुरुवार को फ्रांस पहुंचे। वे फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के विशेष निमंत्रण पर ‘अब्बे डेस वॉक्स-डी-सेर्ने’ में आयोजित जी-7 विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में शिरकत करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करना और आगामी जी-7 लीडर्स समिट (13-15 जून, इवियन) के लिए ठोस आधार तैयार करना है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे के दौरान डॉ. जयशंकर विभिन्न देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। बैठक के एजेंडे में यूक्रेन संघर्ष, युद्ध के बाद पुनर्निर्माण की कोशिशें, परमाणु सुरक्षा और मानवीय सहायता जैसे विषय प्रमुखता से शामिल हैं। इसके अलावा, ग्लोबल गवर्नेंस सिस्टम में सुधार और बहुपक्षीय संस्थानों को आधुनिक बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। भारत के साथ-साथ दक्षिण कोरिया, सऊदी अरब, ब्राजील और यूक्रेन जैसे गैर-जी7 देशों की भागीदारी इस समूह की व्यापक ‘आउटरीच’ पहल को दर्शाती है।