पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों को अफवाहों से बचना चाहिए और केवल सरकार द्वारा जारी की जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा, “देशवासी जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों के बहकावे में न आएं। सरकार की ओर से जो जानकारी दी जा रही है, उसी पर विश्वास करके कदम उठाएं।” उन्होंने विश्वास जताया कि भारत अपने 140 करोड़ नागरिकों की सामूहिक शक्ति के बल पर इस कठिन परिस्थिति से भी सफलतापूर्वक बाहर निकल जाएगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर काफी उथल-पुथल भरा रहा है। कोविड-19 महामारी के बाद जहां दुनिया के पुनः विकास की उम्मीद थी, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष की स्थितियां लगातार बढ़ती गईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने युद्धग्रस्त क्षेत्रों में भारतीयों को सहायता प्रदान करने के लिए खाड़ी देशों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय कार्यरत हैं और वर्तमान संकट के दौरान उन्हें हर संभव सहायता मिल रही है।