केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के सोनितपुर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राज्य से घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें हटाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में हर अवैध घुसपैठिए की पहचान कर उसे राज्य से बाहर किया जाएगा।
भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगते हुए उन्होंने जनता से अपील की कि वे एक ऐसे असम के लिए मतदान करें जो घुसपैठ से मुक्त, शांतिपूर्ण और विकसित हो। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और अवसर सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकता है।
अमित शाह ने अपने संबोधन में दावा किया कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार ने असम को आतंकवाद से मुक्त करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में शांति स्थापित हुई है और करीब 10,000 युवाओं को मुख्यधारा में लौटने में मदद मिली है।