आईपीएल का 12वां मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा।
दोनों टीमों के लिए यह इस सीजन का तीसरा मुकाबला है। कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। पंजाब ने अपने पहले मैच में गुजरात को और दूसरे मैच में चेन्नई को हराया था।
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो कोलकाता का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मैच खेले गए हैं, जिनमें कोलकाता ने 21 मुकाबले जीते हैं, जबकि पंजाब को 13 मैचों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। ईडन गार्डन्स में भी कोलकाता का दबदबा देखने को मिलता है, जहां 14 मुकाबलों में से 9 में कोलकाता जीता है, जबकि पंजाब को 4 मैचों में सफलता मिली है और एक मैच बेनतीजा रहा।
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी सहायता मिल सकती है। इस मैदान पर अब तक कुल 101 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 43 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 57 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच बिना परिणाम के समाप्त हुआ। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 262/2 है, जो पंजाब किंग्स ने 2024 में कोलकाता के खिलाफ बनाया था।
इस सीजन में कोलकाता में अब तक एक ही मैच खेला गया है, जिसमें हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 226 रन बनाए थे। इसके जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
मौसम की बात करें तो आज कोलकाता में बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह हल्की धुंध के साथ धूप निकल सकती है, लेकिन दोपहर के बाद मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। एक्यूवेदर के अनुसार बारिश की 57 प्रतिशत संभावना जताई गई है। तापमान 24 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
संभावित प्लेइंग-12 की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी और फिन एलन शामिल हो सकते हैं।
वहीं पंजाब किंग्स की संभावित टीम में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और प्रियांश आर्य को मौका मिल सकता है।