मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा एक बार फिर संकट के समय देवदूत बनकर सामने आई है। नीमच जिले के थाना बघाना अंतर्गत सोनियाना गाँव में एक 35 वर्षीय व्यक्ति द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन करने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही की।
4 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, भोपाल को इस आपात स्थिति की जानकारी मिली थी। बिना समय गंवाए बघाना क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही (FRV) वाहन को मौके पर रवाना किया गया। आरक्षक कैलाश मालवीय और पायलट अर्जुन ने घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति की गंभीरता को समझा और पीड़ित को तुरंत जिला चिकित्सालय, नीमच पहुँचाया। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच सकी। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।