आईपीएल-19 में गुजरात टाइटंस ने अपनी पहली जीत हासिल करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को बेहद करीबी मुकाबले में 1 रन से मात दी। यह मैच बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां दिल्ली को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने जोरदार संघर्ष किया, लेकिन 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी और जीत से सिर्फ एक रन दूर रह गई। गुजरात की ओर से राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
दिल्ली की तरफ से केएल राहुल ने 92 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने पाथुम निसांका के साथ पहले विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। राहुल 17वें ओवर तक क्रीज पर डटे रहे, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम को 18 गेंदों में 45 रन की दरकार थी।
अंतिम ओवरों में डेविड मिलर ने 20 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 45 गेंदों में 70 रन बनाए, जबकि जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 और वॉशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 55 रन की अहम पारियां खेलीं। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।