मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर प्रवास के दौरान साकेत वाटिका पहुंचकर तुलसी पीठाधीश्वर, पद्म विभूषण जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज से सौजन्य भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामीजी का शॉल और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध रामकथा वाचक स्वामी रामभद्राचार्य से प्रदेश के कल्याण, सुख-समृद्धि और विकास के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर स्वामीजी ने भी मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं, स्वामीजी के अनुयायियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिह्न के रूप में ‘श्री राम दरबार’ की प्रतिकृति भेंट की। गौरतलब है कि ग्वारीघाट स्थित आयुर्वेद कॉलेज मैदान में 5 अप्रैल से स्वामीजी की श्रीराम कथा चल रही है, जिसका समापन 13 अप्रैल को होगा। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।