आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की। टीम ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हरा दिया।
मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 202 रन का लक्ष्य 18 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
राजस्थान की जीत के नायक 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 81 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। टीम ने 21 रन पर यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया था, लेकिन इसके बाद वैभव और जुरेल ने तेजी से रन बनाते हुए 37 गेंदों में 108 रन की साझेदारी की, जिसमें उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी कर ली थी।
बेंगलुरु की ओर से कप्तान रजत पाटीदार ने 40 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं विराट कोहली ने 16 गेंदों में 32 रन का योगदान दिया।
गेंदबाजी में राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है और उसके 4 मैचों में 8 अंक हो गए हैं। वहीं, बेंगलुरु की टीम हार के बाद तीसरे स्थान पर है और उसके पास 4 अंक हैं।