एलपीजी आपूर्ति पर सरकार का आश्वासन, एक दिन में 51.5 लाख सिलेंडर वितरण

एलपीजी आपूर्ति पर सरकार का आश्वासन, एक दिन में 51.5 लाख सिलेंडर वितरण

पश्चिम एशिया में बदलते हालात के बीच भारत सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने वर्तमान ईंधन आपूर्ति स्थिति पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रमों के बावजूद देश में ईंधन की उपलब्धता सुचारू बनी हुई है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। एलपीजी उपभोक्ताओं को डिजिटल माध्यम से बुकिंग करने और वितरकों के पास भीड़ लगाने से बचने की सलाह दी गई है।

सरकार ने पीएनजी, इलेक्ट्रिक और इंडक्शन कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। साथ ही, सभी नागरिकों से ऊर्जा की बचत करने की अपील की गई है।

वर्तमान परिस्थितियों में घरेलू एलपीजी और पीएनजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को भी उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। आपूर्ति संतुलन बनाए रखने के लिए रिफाइनरी उत्पादन बढ़ाने, शहरी क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल 21 से बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक करने जैसे कदम उठाए गए हैं।

एलपीजी की मांग कम करने के लिए केरोसिन और कोयले की अतिरिक्त आपूर्ति की जा रही है। राज्यों को नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और एलपीजी नियंत्रण आदेश, 2000 के तहत जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए राज्यों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। देशभर में नियंत्रण कक्ष और निगरानी समितियां सक्रिय कर दी गई हैं।

10 अप्रैल को 3400 से अधिक छापे मारे गए, जिसमें 214 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया गया और 5 को निलंबित किया गया। इसके बावजूद कहीं भी आपूर्ति बाधित होने की सूचना नहीं है।

ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में 98 प्रतिशत और डीएसी आधारित डिलीवरी में 93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 10 अप्रैल को देशभर में 51.5 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *