आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 18 रनों से मात दी। 241 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर जोड़ी रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी और 32 गेंदों में 57 रन जोड़े। हालांकि, रोहित शर्मा 19 रन बनाकर हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते रिटायर्ड हर्ट हो गए और दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे।
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव 33 रन बनाकर आउट हुए और अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। तिलक वर्मा सिर्फ 1 रन ही बना सके। हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 40 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। नमन धीर भी 1 रन बनाकर आउट हो गए।
अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के शामिल थे, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। मिचेल सैंटनर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में बेंगलुरु के लिए सुयश शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि जैकब डफी को 1 सफलता मिली।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 240 रन बनाए। फिल साल्ट और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे, जबकि कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए।
कप्तान रजत पाटीदार ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 53 रन बनाए। अंत के ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम का स्कोर 240 तक पहुंचाया। जितेश शर्मा 10 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई की ओर से गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पांड्या, मिचेल सैंटनर और शार्दूल ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ बेंगलुरु ने सीजन की तीसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी रही। वहीं, मुंबई इंडियंस को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा और टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई, जहां उसके पास केवल 2 अंक हैं।