मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी सजगता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। 11 अप्रैल को मोटरसाइकिल और ट्रक की भीषण टक्कर में घायल हुए तीन लोगों को पुलिस जवानों ने तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटनाक्रम के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली थी कि बटियागढ़ क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना हुई है जिसमें तत्काल पुलिस सहायता की जरूरत है। सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही (FRV) वाहन को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर आरक्षक राकेश सिंह और पायलट इदरीश खान ने देखा कि एक पुरुष, एक महिला और एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं। जवानों ने बिना समय गंवाए तीनों घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुँचाया, जहाँ समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति में सुधार हुआ।