भारत निर्वाचन आयोग ने 15 मार्च 2026 को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों तथा 6 राज्यों में उपचुनाव की तिथियों की घोषणा की थी। इस प्रक्रिया के तहत पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के लिए नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की अंतिम संख्या तय हो गई है।
दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल 2026 थी। इसके बाद 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की गई। उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक का समय दिया गया। इस चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है।
अंतिम आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, दूसरे चरण में 142 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,448 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
निर्वाचन अधिकारी, चुनाव संचालन नियमावली 1961 के प्रावधानों के तहत, सभी उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित करेंगे। साथ ही, नामांकन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया—जिसमें जांच और नाम वापसी भी शामिल है—से संबंधित दस्तावेजों को सीलबंद लिफाफों में सुरक्षित रखा जाएगा।
आयोग ने मतदाताओं को उम्मीदवारों की जानकारी सुलभ कराने के लिए ईसीआईएनईटी ऐप की सुविधा दी है। इस ऐप के “अपने उम्मीदवार को जानें” अनुभाग में उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, आपराधिक मामलों, संपत्ति और देनदारियों का विवरण उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
इसके अलावा, मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरों के साथ उनके नाम, क्रम संख्या और चुनाव चिह्न को बड़े अक्षरों में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि मतदाता आसानी से अपनी पसंद के उम्मीदवार की पहचान कर सकें।