इंडियन प्रीमियर लीग : आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया

इंडियन प्रीमियर लीग : आरसीबी ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 23वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 5 विकेट से हराकर सीजन की चौथी जीत दर्ज की। बेंगलुरु ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 147 रन का लक्ष्य 15.1 ओवर में हासिल कर लिया और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 20 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। टीम को एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने सधी हुई शुरुआत दिलाई और पहले चार ओवर में 32 रन जोड़े। हालांकि, मार्करम के 12 रन पर आउट होने के बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने 32 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया, जबकि मुकुल चौधरी ने 39 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया।

आरसीबी की गेंदबाजी में रसिख सलाम डार सबसे सफल रहे, जिन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटके, जबकि क्रुणाल पंड्या और जोश हेजलवुड ने क्रमशः 2 और 1 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 1.4 ओवर में 9 रन पर फिलिप सॉल्ट (7) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 57 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।

कोहली ने 34 गेंदों में 49 रन बनाए और फिफ्टी से एक रन चूक गए। कप्तान रजत पाटीदार ने 27 रन और जितेश शर्मा ने तेज 23 रन बनाकर जीत की दिशा में टीम को आगे बढ़ाया। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने 14-14 रन की नाबाद पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई।

इस जीत के साथ आरसीबी 5 में से 4 मुकाबले जीतकर 8 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, लखनऊ की टीम 5 में से 3 मैच हारकर 4 अंकों के साथ सातवें स्थान पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *