जानिए देश में मौसम का हाल

जानिए देश में मौसम का हाल

देश के कई राज्यों में तेज गर्मी, कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के करीब; कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी

देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और रविवार को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र के अकोला और वर्धा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे ये दोनों शहर रविवार को देश के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे। वहीं मध्य प्रदेश के 10 जिलों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया। जबलपुर में अप्रैल माह में तीन वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया, जहां तापमान पहली बार 42.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

राजस्थान के 18 शहरों में शनिवार को तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 3 से 4 दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी लू चलने की संभावना है।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में मौसम का मिजाज अलग बना हुआ है। IMD ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में वर्षा की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में रविवार को बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।

बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी और गांदरबल के सोनमर्ग क्षेत्र में बर्फबारी के चलते कई मार्गों को बंद करना पड़ा है। इनमें मुगल रोड, श्रीनगर-कारगिल मार्ग और बांदीपोरा-गुरेज रोड शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 21 अप्रैल को झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि कर्नाटक और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। इसी दिन अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी वर्षा का अनुमान है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जबकि कई राज्यों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

22 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का प्रभाव जारी रहने का अनुमान है। झारखंड, ओडिशा और बिहार में भी उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *