भारत की राजकीय यात्रा पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग और फर्स्ट लेडी किम हे-क्युंग का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति ली की अगवानी की। समारोह में मौजूद बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लहराकर मेहमानों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ली रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे थे, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने उनकी अगवानी की थी। द्विपक्षीय शिखर वार्ता से पूर्व यह औपचारिक समारोह दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ होते कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों की एक झलक पेश करता है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति ली से मुलाकात कर उनके भारत-कोरिया संबंधों के प्रति समर्पण की सराहना की है।