बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,400 के नीचे
बुधवार, 22 अप्रैल को शेयर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स करीब 700 अंक यानी 0.95% गिरकर 78,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी भी लगभग 200 अंक (0.79%) टूटकर 24,400 के नीचे पहुंच गया है। आज के कारोबार में आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दर्ज की जा रही है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला, हालांकि अधिकांश प्रमुख सूचकांकों में दबाव बना रहा। साउथ कोरिया का कोस्पी 11 अंकों की गिरावट के साथ 6,377 पर रहा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 350 अंक टूटकर 26,137 पर पहुंच गया। वहीं जापान का निक्केई 211 अंक बढ़कर 59,569 के स्तर पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजारों में 21 अप्रैल को कमजोरी देखने को मिली थी। डाउ जोन्स 293 अंक गिरकर 49,149 पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डैक में 144 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,260 पर रहा। S&P 500 भी 45 अंक टूटकर 7,064 के स्तर पर बंद हुआ।
इस बीच विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला जारी है, जो बाजार पर दबाव बना रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन निकासी करते हुए करीब 1,919 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इससे पहले सोमवार को भी विदेशी निवेशकों ने 1,060 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। हाल की यह निकासी पिछले सप्ताह के उन तीन कारोबारी दिनों की तेजी को खत्म कर चुकी है, जब FIIs ने कुल 1,731 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी।