ऊर्जा मंत्री श्री तोमर का सुबह 6 बजे औचक निरीक्षण: सफाई और सीवर व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर का सुबह 6 बजे औचक निरीक्षण: सफाई और सीवर व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार तड़के 6 बजे ग्वालियर उपनगर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। मंत्री श्री तोमर ने पेयजल आपूर्ति, सफाई और सीवर व्यवस्था की जमीनी हकीकत देखी और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अपने निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री तोमर सबसे पहले पीएचई कॉलोनी स्थित वाटर सीवरेज पंपिंग स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने नगर निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ सीवरेज प्रबंधन की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने वार्ड 4 के चंद्र नगर, ठाकुर मोहल्ला और वार्ड 1 के रामाजी का पुरा एवं आरआर टॉवर का भ्रमण कर सड़क, बिजली और पानी की आपूर्ति जांची। वार्ड 36 में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिछले दौरों में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न होने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

सीवर सफाई अभियान के सातवें दिन मंत्री श्री तोमर ने हजीरा चौराहे पर सुपर सकर मशीन के कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण समिति और नगर निगम के साझा प्रयास एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग से सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ने संकल्प दोहराया कि वे स्वयं सीवर सफाई के कार्य की निगरानी कर रहे हैं और शहर की स्वच्छता एवं नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *