अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार रात आयोजित वार्षिक ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम स्थल पर अचानक गोलीबारी की आवाज सुनी गई। वाशिंगटन हिल्टन होटल में चल रहे इस प्रतिष्ठित समारोह में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सुरक्षा घेरे से निकलने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ के माध्यम से स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए पुष्टि की कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अत्यंत साहस और फुर्ती के साथ काम किया। राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को जारी रखने का अंतिम निर्णय सुरक्षा प्रोटोकॉल के आधार पर संबंधित विभाग ही लेंगे।
घटना के समय बैंक्वेट हॉल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने पांच से आठ गोलियों की आवाजें सुनीं। फायरिंग होते ही हॉल में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षा के लिए टेबल के नीचे छिप गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तत्काल मोर्चा संभाला और राष्ट्रपति के साथ-साथ हेड टेबल पर बैठे फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के लिए मौके पर नेशनल गार्ड की तैनाती भी की गई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने अगले अपडेट में जानकारी दी कि वे सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कार्यक्रम स्थल से रवाना हो रहे हैं और जल्द ही व्हाइट हाउस के प्रेस ब्रीफिंग रूम से मीडिया को संबोधित करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्रथम महिला, उपराष्ट्रपति और सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। आयोजकों से चर्चा के बाद राष्ट्रपति ने घोषणा की कि इस कार्यक्रम को अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित (रीशेड्यूल) किया जाएगा।
इस उच्च-स्तरीय समारोह में पहली बार राष्ट्रपति के रूप में शामिल हो रहे ट्रंप के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और मनोरंजन जगत की हस्तियां भी मौजूद थीं। कार्यक्रम में शामिल डेमोक्रेटिक कांग्रेसी जेमी रस्किन ने घटना की भयावहता बताते हुए कहा कि अचानक मची अफरा-तफरी के बीच एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने उन्हें सुरक्षा के लिए जमीन पर धक्का दे दिया। फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां इस घटना के पीछे के कारणों और शूटर के मंसूबों की गहन जांच कर रही हैं।