नशे के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस का बड़ा प्रहार: 7 दिनों में 1.38 करोड़ का माल जब्त, कई अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

नशे के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस का बड़ा प्रहार: 7 दिनों में 1.38 करोड़ का माल जब्त, कई अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाते हुए पिछले एक सप्ताह में बड़ी सफलता हासिल की है। विभिन्न जिलों में की गई प्रभावी कार्यवाहियों के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 38 लाख रुपए से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ, वाहन और नकदी जब्त की है। इस अभियान के तहत पुलिस ने कई अंतर्राज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत सलाखों के पीछे भेजा है।

क्षेत्रवार कार्यवाहियों पर नजर डालें तो राजगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत 35 लाख रुपए की स्मैक और केमिकल पाउडर जब्त किया। रीवा में सिविल लाइन और बिछिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से लगभग 34.23 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की, जिसमें कोडीन युक्त कफ सिरप और भारी मात्रा में गांजा शामिल है। नीमच पुलिस ने भी दो अलग-अलग कार्यवाहियों में करीब 38 लाख रुपए मूल्य की एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसी तरह बालाघाट में एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के 9 सदस्यों को दबोचकर 12.30 लाख रुपए का माल बरामद किया गया।

मंदसौर में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 12.75 लाख रुपए से अधिक का डोडाचूरा और एमडी जब्त किया। इसके अतिरिक्त शिवपुरी, शहडोल, बैतूल, उज्जैन और बिरलाग्राम में भी पुलिस ने स्मैक, ब्राउन शुगर और गांजे के खिलाफ सख्त कार्यवाही की है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *