जानिए देश में मौसम का हाल

जानिए देश में मौसम का हाल

देश के 8 राज्यों में आंधी और ओलावृष्टि से मौसम बदला, राजस्थान में हादसे के चलते एक की मौत

शनिवार को देश के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के 8 राज्यों में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखा गया। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज आंधी के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो दी, लेकिन हादसों ने चिंता बढ़ा दी। राजस्थान के जयपुर में तूफान के कारण बिजली की तार गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिला। एक ओर जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार रहा, वहीं जयपुर, बीकानेर और जोधपुर में धूल भरी आंधी चली। जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में आंधी की वजह से टूटा बिजली का तार एक युवक के लिए काल बन गया। उत्तराखंड के देहरादून में जमकर ओले गिरे, जबकि उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलिकॉप्टर खराब मौसम और ओलावृष्टि के बीच लैंड कराना पड़ा। वहीं टिहरी झील में फंसे करीब 30 पर्यटकों को SDRF ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला।

देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5°C के साथ शनिवार को सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि चंद्रपुर में पारा 44.4°C दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के धमतरी में गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए प्रशासन द्वारा सड़कों पर पानी की फुहारें छोड़ी गईं। मध्य प्रदेश में भी भोपाल सहित 20 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कई स्थानों पर ओले गिरे।

आगामी पूर्वानुमान के अनुसार, 4 मई को दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल, असम और सिक्किम के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं 5 मई को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश का ‘यलो अलर्ट’ है, जबकि राजस्थान के कुछ इलाकों में लू (हीटवेव) चलने की आशंका जताई गई है।

पंजाब और हरियाणा के मौसम में भी तब्दीली आने वाली है। हरियाणा के 8 जिलों में रविवार को बारिश का अलर्ट है, जबकि 4 मई से पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। बिहार के 24 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 5 मई के बाद एक बार फिर धूप के तेवर तीखे होंगे और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *