चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ी हलचल शुरू हो गई है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया। हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में विजय की पार्टी 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है।
चेन्नई स्थित राजभवन में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में विजय के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें ‘बुस्सी’ आनंद, के.ए. सेंगोट्टैयन, आधव अर्जुन और अरुण राज जैसे नाम शामिल हैं। भारी राजनीतिक उत्साह के बीच हुई इस मुलाकात को राज्य में नई सरकार की स्थापना की दिशा में पहला और सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विजय ने राज्यपाल को एक औपचारिक पत्र सौंपकर सरकार बनाने का अवसर देने का अनुरोध किया है। उन्होंने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि उनकी पार्टी निर्धारित समय सीमा के भीतर सदन में अपना बहुमत साबित करने में सक्षम है। गौरतलब है कि TVK ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि, पूर्ण बहुमत के लिए आवश्यक 118 के जादुई आंकड़े से पार्टी अभी 10 सीटें दूर है।
इससे पूर्व, विजय ने नवनिर्वाचित विधायकों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की थी। मंगलवार को टीवीके विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से विजय को अपना नेता चुना गया, जिसके बाद राज्यपाल से मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। फिलहाल चेन्नई में सियासी सरगर्मी तेज है, क्योंकि कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को सशर्त समर्थन देने की घोषणा कर दी है, जबकि वामपंथी दल और क्षेत्रीय संगठन अभी आंतरिक मंथन में जुटे हैं। दूसरी ओर, सत्ता गंवाने वाली द्रमुक (DMK) भी चुनाव में मिली हार के कारणों और भविष्य की रणनीति पर विचार कर रही है।