पश्चिम बंगाल: मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या, भाजपा ने लगाया टीएमसी पर आरोप

पश्चिम बंगाल: मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या, भाजपा ने लगाया टीएमसी पर आरोप

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम इलाके में उस समय हुई जब 42 वर्षीय चंद्रनाथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। इस घातक हमले में चंद्रनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो कार में सवार होकर कोलकाता से मध्यमग्राम जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी कोलकाता से लगभग 20 किलोमीटर दूर डोलतला और मध्यमग्राम के बीच पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक कार ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक दिया। हमलावरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही स्कॉर्पियो रुकी, बाइक सवार हमलावरों ने वाहन की बाईं ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे चंद्रनाथ को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने सटीक फायरिंग की, जिसमें उन्हें चार गोलियां लगीं। दो गोलियां उनके सीने को चीरती हुई आर-पार निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। इस हमले में ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से जख्मी हो गए। वारदात के बाद हमलावर अपनी कार मौके पर ही छोड़कर बिना नंबर वाली बाइक से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। राजनीतिक हलकों में इस हत्या को लेकर भारी तनाव है। भाजपा ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर इस हत्याकांड की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप लगाया है।

जांच में जुटे फॉरेंसिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले में आधुनिक ‘ग्लॉक 47X’ पिस्टल का उपयोग किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के परिष्कृत हथियारों का इस्तेमाल आमतौर पर पेशेवर अपराधी या शूटर ही करते हैं। पुलिस ने घटनास्थल से हमलावरों द्वारा छोड़ी गई कार को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उस कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और हमलावर हेलमेट पहनकर आए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *