सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में डायल-112 की टीम ने त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला की जान बचा ली। पुलिस कर्मियों ने जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली महिला को गंभीर अवस्था में तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति में सुधार संभव हो सका।
यह घटना 13 मई की है, जब भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) को सूचना मिली कि मोहगाँव तीतरी क्षेत्र में एक महिला ने अज्ञात कारणों से जहर खा लिया है और उसे तत्काल पुलिस सहायता की जरूरत है। कंट्रोल रूम से निर्देश मिलते ही कुरई थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को घटना स्थल की ओर रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे आरक्षक प्रफुल्ल सोनेकर और पायलट दिनेश राजपूत ने देखा कि 25 वर्षीय महिला अचेत अवस्था में पड़ी है। जहरीले पदार्थ के असर से महिला बेहोश हो चुकी थी और उसकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। जवानों ने बिना किसी देरी के पीड़ित महिला और उसके परिजनों को अपनी गाड़ी में बिठाया और सीधे कुरई के शासकीय अस्पताल ले गए।
अस्पताल में महिला को तत्काल आईसीयू और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कुछ मिनटों की भी देरी होती, तो स्थिति घातक हो सकती थी। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के तहत पुलिस की इस तत्परता को सराहा जा रहा है। यह मामला प्रदेश पुलिस की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जहाँ ‘डायल-112’ न केवल एक हेल्पलाइन है, बल्कि संकट के समय जीवन रक्षक की भूमिका भी निभा रही है।