प्रधानमंत्री मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ओस्लो में द्विपक्षीय वार्ता संपन्न

प्रधानमंत्री मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ओस्लो में द्विपक्षीय वार्ता संपन्न

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। यह उनके कार्यकाल का 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान उन्होंने ओस्लो में नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोरा के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता भी की।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित सम्मान से ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ (कमांडर ग्रैंड क्रॉस) से भी नवाजा गया था। सोमवार को ओस्लो पहुंचने पर उनका स्वागत स्वयं नॉर्वेजियन समकक्ष योनस गौर स्टोरा ने हवाई अड्डे पर किया। इसके बाद दोनों शीर्ष नेताओं के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा और अन्य प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर मुहर लगी और एक संयुक्त बयान भी जारी किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि इन समझौतों का लाभ दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया को मिलेगा।

कूटनीतिक वार्ताओं के अलावा, ओस्लो में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर ‘रिदम्स ऑफ इंडिया’ नामक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें सत्तरिया, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी, कथक और मोहिनीअट्टम जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुति दी गई। इस पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि इन नृत्यों में कलाकारों की वर्षों की तपस्या, अनुशासन और उत्कृष्टता दिखाई देती है। उन्होंने भारतीय संस्कृति को विदेशों में संजोकर रखने के लिए प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि देश को उन पर गर्व है।

इस सांस्कृतिक समारोह में नाट्यलय नृत्य विद्यालय की बच्चियों द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम के अलारिप्पू नृत्य ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री ने इस विद्यालय के प्रयासों की तारीफ करते हुए बताया कि यह संस्थान पिछले करीब तीन दशकों से नॉर्वे में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को लोकप्रिय बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। इसके साथ ही, बैरेट ड्यू म्यूजिक इंस्टीट्यूट से जुड़े देसी-विदेशी कलाकारों की एक टीम ने ‘ओम जय जगदीश’ आरती गाकर भारतीय और पश्चिमी शास्त्रीय संगीत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। पीएम मोदी ने इस संगीतमय प्रस्तुति को कला और साझा संस्कृति के माध्यम से वैश्विक एकजुटता का एक सुंदर प्रतीक करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *