रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगलवार को खेले गए क्वालिफायर-1 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 92 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त देकर लगातार दूसरे सीजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। धर्मशाला में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 254 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में रनों के भारी दबाव के आगे गुजरात की टीम बिखर गई और 19.3 ओवरों में महज 162 रन बनाकर सिमट गई। इस हार के बाद अब गुजरात को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालिफायर-2 खेलना होगा, जहां उसका सामना बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और उसने नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाए। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 14 रन के निजी स्कोर पर हिट-विकेट आउट हो गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल भी क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके और सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने 11 गेंदों में 29 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जोश हेजलवुड ने उन्हें बोल्ड कर गुजरात की उम्मीदों को करारा झटका दिया। टीम का शीर्ष क्रम इस कदर ढहा कि महज 51 रन के कुल योग तक गुजरात अपने 5 प्रमुख बल्लेबाजों को खो चुकी थी।
मध्यक्रम में राहुल तेवतिया (इम्पैक्ट प्लेयर) ने एक छोर संभालकर अकेले संघर्ष जारी रखा। उन्होंने 43 गेंदों का सामना करते हुए 68 रनों की जुझारू पारी खेली, जिसमें 8 शानदार चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, हालांकि उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिला। बेंगलुरु की ओर से गेंदबाजी में जैकब डफी सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार और रसिख सलाम ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए।
इससे पहले, बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर बेंगलुरु को वेंकटेश अय्यर ने मात्र 7 गेंदों में 19 रन बनाकर बेहद आक्रामक शुरुआत दिलाई। उनके आउट होने के बाद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन और पडिक्कल ने 19 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के पैवेलियन लौटने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने कप्तानी पारी खेलते हुए गुजरात के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। पाटीदार ने महज 33 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
कप्तान पाटीदार ने क्रुणाल पंड्या के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 95 रनों की महत्वपूर्ण और तेज साझेदारी की। क्रुणाल ने भी सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। पारी के अंतिम क्षणों में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों में तेजतर्रार 15 रन बनाकर टीम के स्कोर को 250 रन के पार पहुंचाया। गुजरात के लिए गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार रही:
बेंगलुरु: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम। (इम्पैक्ट ऑप्शंस: रोमारियो शेफर्ड)
गुजरात: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा। (इम्पैक्ट प्लेयर: राहुल तेवतिया)