स्टॉक मार्केट न्यूज़

स्टॉक मार्केट न्यूज़

भारतीय शेयर बाजार में आज यानी बुधवार, 27 मई को शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी देखने को मिल रही है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 100 अंकों की गिरावट के साथ 75,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 20 अंक टूटकर 23,900 के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार में इस सुस्ती के बावजूद आज के सत्र में मेटल, मीडिया और ऑटो सेक्टर के शेयरों में निवेशकों की अच्छी लिवाली देखी जा रही है। इससे पहले बीते सत्र (मंगलवार) को भी बाजार दबाव में था और सेंसेक्स 479 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 76,009 पर बंद हुआ था।

वैश्विक मोर्चे पर एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। दक्षिण कोरिया का सूचकांक कोस्पी 74.79 अंक यानी 4.79% की बढ़त के साथ 8,433 पर कारोबार कर रहा है। वहीं जापान का निक्केई 1,782 अंक (11.26%) की भारी तेजी के साथ 6,5817 के स्तर पर नजर आया। दूसरी ओर, हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में गिरावट का रुख है और यह 188 अंक (0.78%) टूटकर 25,412 पर आ गया है।

इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी बीते सत्र में मिला-जुला रुख देखने को मिला था। जहां तकनीकी शेयरों पर आधारित नैस्डैक 312 अंक (1.19%) की मजबूती के साथ 26,656 पर बंद हुआ, वहीं एसएंडपी 500 सूचकांक भी 46 अंक (0.61%) की बढ़त लेकर 7,519 के स्तर पर रहा। हालांकि, डाउ जोन्स में गिरावट दर्ज की गई और यह 118 अंक (0.23%) फिसलकर 50,462 पर बंद हुआ।

बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की तरफ से बिकवाली का दबाव लगातार बना हुआ है। बीते कारोबारी दिन विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से 2,408 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की है। पिछले 7 दिनों में FII की कुल बिकवाली 7,918 करोड़ रुपये और बीते 30 दिनों में यह आंकड़ा 46,435 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को संभालने का प्रयास किया है और कल 1,362 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। DII ने पिछले 7 दिनों में 13,714 करोड़ रुपये और पिछले 30 दिनों में कुल 69,545 करोड़ रुपये निवेश किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *