प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने हालिया संदेशों में देश के विकास में युवा शक्ति की भूमिका को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रगति के केंद्र में युवा नेतृत्व है और पिछले 12 वर्षों में भारतीय युवाओं ने अपने सपनों को आत्मविश्वास के साथ सच कर दिखाया है। सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास मॉडल पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे वैश्विक स्तर पर उनका प्रभाव तेजी से बढ़ा है।
केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि अटल इनोवेशन मिशन, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसी महत्वपूर्ण पहलों ने देश में एक मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार किया है। इस व्यवस्था ने उद्यमशीलता और नए विचारों को फलने-फूलने का माहौल दिया है। आज भारत का नाम दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में शुमार है, और सबसे खास बात यह है कि इस सफलता की कमान बड़े महानगरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों के युवाओं के हाथों में है।
तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान, सेमीकंडक्टर निर्माण, ड्रोन तकनीक, विज्ञान और विनिर्माण जैसे आधुनिक क्षेत्रों में देश की युवा पीढ़ी अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। उनके मुताबिक, यह देश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि हमारे युवा उन क्षेत्रों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं जो न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के भविष्य की दिशा तय करने वाले हैं।
खेल के मैदान में देश को मिल रही सफलताओं को भी प्रधानमंत्री ने युवाओं की लगन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भारतीय एथलीटों ने वैश्विक स्तर पर कई खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। वर्तमान में जो बेहतर खेल सुविधाएं, बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों को सीधे मिलने वाली सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, उसने नई प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने के रास्ते खोले हैं।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में प्रधानमंत्री ने इस बात को फिर दोहराया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्राथमिकताओं में हमेशा से युवाओं का विकास सबसे ऊपर रहा है। सरकार द्वारा तैयार किए गए विभिन्न कार्यक्रमों ने युवाओं को न केवल रोजगार बल्कि नवाचार के क्षेत्र में भी दुनिया के समकक्ष खड़ा होने के समान अवसर दिए हैं।