भारत-फ्रांस रणनीतिक संबंधों को मजबूती देने पेरिस रवाना हुईं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कई उच्चस्तरीय बैठकों में लेंगी हिस्सा

भारत-फ्रांस रणनीतिक संबंधों को मजबूती देने पेरिस रवाना हुईं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कई उच्चस्तरीय बैठकों में लेंगी हिस्सा

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को फ्रांस के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना हो गईं। इस महत्वपूर्ण यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को नया आयाम देना, दोनों देशों में आर्थिक सहयोग को गति देना तथा तकनीक, नवाचार और निवेश के क्षेत्रों में आपसी तालमेल को बढ़ावा देना है।

अपनी इस यात्रा के दौरान वित्त मंत्री ऐक्स-आँ-प्रोवांस में आयोजित होने वाले ‘भारत-फ्रांस आर्थिक एवं वित्तीय संवाद’ (EFD) की सह-अध्यक्षता करेंगी। इस उच्चस्तरीय वार्ता में उनके साथ फ्रांस के आर्थिक, वित्त, औद्योगिक एवं ऊर्जा मामलों के मंत्री रोलां लेस्क्यूर भी शामिल होंगे। इस संवाद के जरिए दोनों राष्ट्र आपसी आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे।

विदेशी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से सीतारमण फ्रांस की प्रमुख वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEOs) के साथ आमने-सामने बैठकें करेंगी। इसके अतिरिक्त, वह उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भी शामिल होंगी। इस मंच पर केंद्रीय मंत्री वैश्विक समुदाय के सामने भारत की मजबूत मैक्रो-इकोनॉमिक स्थिति, देश में चल रहे ढांचागत सुधारों और निवेश के उभरते अवसरों को रेखांकित करेंगी।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का दृष्टिकोण साझा करते हुए वित्त मंत्री ‘ले रोंकोंत्र एकोनोमिक द’ऐक्स-आँ-प्रोवांस’ में एक विशेष पैनल चर्चा का हिस्सा बनेंगी। इस सत्र का मुख्य विषय “नए मध्यम वर्ग के विकास को कैसे प्रोत्साहित किया जाए” रखा गया है, जहाँ वह आर्थिक विकास और मध्य वर्ग की भूमिका पर विचार साझा करेंगी।

अपने तय कार्यक्रम के तहत वित्त मंत्री कादाराशे में स्थित ‘अंतरराष्ट्रीय ताप-नाभिकीय प्रायोगिक रिएक्टर’ (ITER) परियोजना की प्रगति देखने भी जाएंगी। परमाणु संलयन (न्यूक्लियर फ्यूज़न) ऊर्जा के क्षेत्र में चल रही यह दुनिया की सबसे बड़ी वैज्ञानिक परियोजनाओं में से एक है, जिसमें भारत और फ्रांस समेत दुनिया के 30 से अधिक देश मिलकर काम कर रहे हैं।

इसके अलावा, वह प्रोवेंस-आल्प्स-कोट द’अज़ूर (PACA) क्षेत्र के अध्यक्ष रेनो मुसेलिये से भी मुलाकात करेंगी। इस बैठक का एजेंडा स्वच्छ ऊर्जा, क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी, नवाचार और तकनीक जैसे साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना है। यात्रा के अंतिम चरण में वित्त मंत्री वहाँ रहने वाले प्रवासी भारतीयों से संवाद के लिए आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *